कैंप रोम (इटली), 9 अक्टूबर : लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज रोम (इटली) में आयोजित G20 संसदीय अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन के दौरान अंतर-संसदीय संघ (IPU) के अध्यक्ष महामहिम श्री दुआर्ते पचेको के साथ बैठक की और विविध वैश्विक मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि वैश्विक संसदीय मंचों पर भारत की नियमित भागीदारी लोकतान्त्रिक संस्थाओं एवं लोकतान्त्रिक मूल्यों के लिए उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने श्री पचेको को बताया कि भारत का प्रयास है कि विश्व की संसदों के बीच शिष्टमंडलों का आदान-प्रदान होता रहे तथा विश्व के लोकतान्त्रिक देशों के जनप्रतिनिधि अपने विचारों को परस्पर साझा करते रहें। उन्होंने श्री पचेको को बताया कि और इस प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए भारत की संसद ने विभिन्न देशों के साथ Friendship Groups बनाये हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत IPU के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने और लोककल्याण के लिए सशक्त लोकतान्त्रिक संस्थाओं के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि भारत एवं IPU समान रूप से बहुपक्षवाद तथा अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के लोकतंत्रीकरण के लिए प्रयासरत हैं।
कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए श्री बिरला ने कहा कि इस महामारी के गंभीर प्रभावों को नियंत्रित करना तथा इसके साथ आर्थिक विकास सुनिश्चित करना विकासशील देशों के समक्ष आज सबसे बड़ी चुनौती है। इस चुनौती का सामना सामूहिक तथा साझा प्रयासों से ही हो सकता हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने इस महामारी पर बहुत हद तक नियंत्रण प्राप्त कर लिया है। अभी तक भारत में नागरिकों को कोरोना टीके के 930 मिलियन से अधिक डोज लगाए जा चुके हैं। 17 सितंबर, 2021 को भारत में 25 मिलियन से अधिक लोगों को टीके लगाए गए, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत में वैक्सीन उत्पादन को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि भारत अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ साथ वैक्सीन आपूर्ति के वैश्विक प्रयासों में अपना योगदान कर सके ।
श्री बिरला ने यह भी कहा कि भारत इस वर्ष अपनी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है और पूरे देश में इस महत्वपूर्ण अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्री बिरला ने प्रसन्नता व्यक्त की कि इन 75 वर्षों की लोकतांत्रिक यात्रा में भारत में लोकतंत्र निरंतर सशक्त और मजबूत हुआ है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री पचेको के सक्षम नेतृत्व और निर्देशन में IPU विश्व व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए और भी मजबूत होकर उभरेगा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के माध्यम से शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने श्री पचेको को आश्वासन दिया कि विश्व में संसदीय राजनय को प्रोत्साहित करने के लिए भारत की संसद उनके सभी प्रयासों में अपना पूर्ण सहयोग देगी।उन्होंने मैड्रिड, स्पेन में आयोजित होने वाली IPU की आगामी 143वीं सभा के लिए श्री पचेको को शुभकामनाएं दीं ।